– 5.66 एकड़ जमीन पर अवैध लेआउट बनाकर 32 लोगों को बेचे 87 प्लॉट
नागपुर :- शहर में जमीन की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला यशोधरानगर पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने जमीन मालिकों की अनुमति के बिना उनकी 5.66 एकड़ जमीन पर ‘रॉयल होम्स एसोसिएट’ के नाम से अवैध लेआउट तैयार किया और उसमें 87 प्लॉट बनाकर 32 लोगों को बेच दिए। इस मामले में पुलिस ने शोएब असद शकील अहमद (40), निवासी कैनल गार्डन के पास, कलमना-कामठी रोड के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता विशाल ओमप्रकाश भैसारे (44), निवासी प्लॉट नंबर 90, गुरुनानक स्कूल के पास, बेजनबाग, जरिपटका, एपेक्स लैंड डेवलपर्स नामक फर्म में पार्टनर हैं। उनकी शिकायत है कि आरोपी ने संबंधित जमीन पर बिना किसी अनुमति के लेआउट तैयार किया। इसके लिए जमीन के मूल मालिकों के वारिसों के कथित फर्जी हस्ताक्षरों से नोटरीयुक्त बिक्री करारनामा भी तैयार किया गया। आरोप है कि इसी कथित फर्जी दस्तावेज के आधार पर आरोपी ने जमीन पर अतिक्रमण कर लेआउट विकसित किया और नागरिकों को जमीन अपनी मालिकी की बताकर 32 लोगों के साथ धोखाधड़ी की। इस दौरान लेआउट के 58 गुंठे क्षेत्र में कुल 32 पंजीकृत बिक्री विलेख भी किए गए।
शिकायत की जांच और रिपोर्ट के आधार पर यशोधरानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






