– कलमना पुलिस ने कामना नगर परिसर में जाल बिछाकर पकड़ा
नागपुर :- कलमना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन बरामद किया है। आरोपी का नाम निमदेवी नगर, कलमना निवासी रामेश्वर विट्ठल निमजे (36) बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को रात 10 से 11.30 बजे के बीच फरियादी जमील ले-आउट, रजा टाउन, कपिलनगर निवासी मोहम्मद नईम मोहम्मद सलीम (42) ने अपनी मिनी मेट्रो कंपनी की ई-रिक्शा क्रमांक एमएच-49/ सीएफ-6502, जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है, वांजरा स्थित मुख्तार मस्जिद के पास एक कपड़ा कारखाने के बाहर खड़ी की थी। वे माल लेने के लिए कारखाने के अंदर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया।
फरियादी की शिकायत पर कलमना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी और विश्वसनीय सूचना के आधार पर कामना नगर परिसर में जाल बिछाया और एक संदिग्ध को चोरी की ई-रिक्शा के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपये कीमत की ई-रिक्शा जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा (परिमंडल-5) और सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काले, दुय्यम पुलिस निरीक्षक करीम पठान, पुलिस उपनिरीक्षक गजानन राऊत सहित पुलिसकर्मियों प्रमोद कंगाले, विशाल भैसारे, नितिन मिश्रा, ललित शेंडे, अविनाश ग्वालवंशी और रोशन निर्बेते ने की।






