– आतिफ-हुसैन के परिजनों की गुहार, स्पेशल प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की मांग
नागपुर :- बहुचर्चित रामझूला हिट एंड रन मामले में मृतक आतिफ और हुसैन के परिजनों ने सरकारी वकील रश्मि खापर्डे को दोबारा इस मामले में नियुक्त करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रश्मि खापर्डे ने शुरुआत से ही मामले में पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता और ईमानदारी से पैरवी की है। उन्हें सरकारी वकील के पद से हटाए जाने के बाद परिवारों में चिंता और नाराजगी है। इस संबंध में जनता फाउंडेशन के अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी की अध्यक्षता में पत्र परिषद ली गई।
पत्र परिषद में मृतक आतिफ के भाई मोहम्मद अतीक सहित पीड़ित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि 24 फरवरी 2024 को रामझूले पर हुए हादसे के बाद तहसील पुलिस की शुरुआती जांच में कई गंभीर अनियमितताएं हुईं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। हादसे के बाद आरोपियों को घटनास्थल से जाने देने, एफआईआर में वाहन चालक के बजाय गाड़ी के नंबर को प्राथमिकता देने और मेडिकल जांच में देरी जैसे मुद्दों पर उन्होंने सवाल उठाए। परिजनों के अनुसार, जीशान सिद्दीकी और जनता फाउंडेशन के हस्तक्षेप तथा विरोध के बाद रितिका मालू के नाम से एफआईआर दर्ज हुई। बाद में फोरेंसिक जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद मामले में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार ने तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की थी।
हाईकोर्ट के आदेश पर CID को सौंपा गया मामला
परिजनों ने बताया कि मामले की जांच और पुलिस की भूमिका को लेकर उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में याचिका दायर की थी। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच नागपुर पुलिस से लेकर सीआईडी को सौंपी गई। परिवार का आरोप है कि जांच एजेंसी ने भी तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। हालांकि, सीआईडी की जांच के बाद आरोपी रितिका मालू को गिरफ्तार किया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि निर्धारित अवधि में आरोपपत्र दाखिल नहीं होने के कारण उन्हें डिफॉल्ट जमानत मिल गई।
रश्मि खापर्डे पर जताया भरोसा
पीड़ित परिवारों का कहना है कि मामले की कानूनी लड़ाई में सरकारी वकील रश्मि खापर्डे ने लगातार उनका पक्ष मजबूती से रखा। परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्होंने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को न्यायालय के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में विशेष भूमिका निभाई। अब मामले में आरोप तय होने की प्रक्रिया के बीच उन्हें सरकारी वकील की जिम्मेदारी से हटाए जाने पर परिवार ने निराशा जताई है।
जीशान सिद्दीकी ने कहा कि रश्मि खापर्डे का दोषसिद्धि (कन्विक्शन) का रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उन्होंने कई चर्चित मामलों में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवी और प्रभावी सरकारी वकीलों की सेवाएं जनहित में जारी रहनी चाहिए। पीड़ित परिवारों और जनता फाउंडेशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि रश्मि खापर्डे को दोबारा बहाल कर रामझूला हिट एंड रन मामले में विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त किया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद बनी रहे।






