– तहसील पुलिस ने टिमकी में दबोचा
नागपुर :- तड़ीपार किए जाने के बावजूद शहर में घूम रहे एक आरोपी को तहसील पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोलीबार चौक, तहसील, नागपुर निवासी सुरेंद्र उर्फ कल्लू लीलाधर होले (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 की रात करीब 1.25 बजे तहसील पुलिस का जांच दल क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टिमकी स्थित सरकारी शौचालय के पास एक तड़ीपार आरोपी घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक-3 ने आदेश क्रमांक 08/2025, दिनांक 16 फरवरी 2026 के तहत उसे एक वर्ष के लिए नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से तड़ीपार किया था। इसके बावजूद वह बिना अनुमति तहसील थाना क्षेत्र में पाया गया। तड़ीपारी आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने उसके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे जांच जारी है।……






