– दावा- कंपनी के पानी में कैंसरकारी तत्व
– सभी ब्रांड्स के पानी की जांच होगी
नई दिल्ली :- देश के बड़े पैकेज्ड वॉटर ब्रांड बिसलेरी के एक सैंपल में तय मानकों से ज्यादा रासायनिक तत्व मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी है। यह सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया। बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया। कंपनी ने कहा कि वह इस मामले में FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी। इस बीच FSSAI ने दूसरे बड़े ब्रांड्स के पानी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं। FSSAI ने कहा है कि जांच में पानी के सैंपल तय मानकों पर खरे नहीं उतरे या नियमों का उल्लंघन मिला, तो कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिसलेरी के पानी का सैंपल जांच में असुरक्षित मिला
FSSAI के मुताबिक, कंपनी से पानी (मिनरल वाटर के अलावा) का सैंपल लिया गया था। लैब जांच में यह तय मानकों के मुताबिक नहीं मिला। इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित माना गया।
कंपनी की अपील के बाद इस सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैब भेजा गया। वहां भी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) पाए गए। लैब ने सैंपल को असुरक्षित बताया। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी।
सूत्रों के मुताबिक, FSSAI के अधिकारियों ने पैकेज्ड पानी बनाने और बेचने वाली कंपनियों के ठिकानों का निरीक्षण किया है। यहां से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। FSSAI का कहना है कि यह अभियान लोगों की सेहत को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। जांच में गड़बड़ी मिलने या नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






