spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

देश की पहली बुलेट ट्रेन चलने का रास्ता साफ

– स्पीड से रूट और स्टेशन तक की पूरी डिटेल

नई दिल्ली :- देश में पहली बार 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन के चलाने का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना अब ट्रायल की ओर बढ़ रही है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा खंड में मई 2027 से ट्रेन का परीक्षण शुरू करने की तैयारी है और पहली यात्री सेवा अगले वर्ष की अंतिम तिमाही में शुरू हो सकती है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुलेट ट्रेन की प्रगति बताया और कहा कि इस 50 किलोमीटर लंबे खंड पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। सिग्नलिंग का काम जनवरी 2027 तक पूरा हो जाएगा। परियोजना के पूरा होने पर दोनों प्रमुख केंद्रों के बीच यात्रा का समय घटकर करीब एक घंटा 58 मिनट रह जाएगा।

सूरत-बिलिमोरा खंड मुंबई-अहमदाबाद कारिडोर का पहला हिस्सा होगा, जहां बुलेट ट्रेन का परीक्षण किया जाएगा। इस खंड पर 20 नवंबर को अप और डाउन लाइनों के एलिवेटेड ट्रैक पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरणों (ओएचई) को चालू कर दिया गया। यानी ट्रेन को बिजली आपूर्ति करने वाली व्यवस्था तैयार है।

आधुनिक ट्रैक्शन सिस्टम लगा दिया गया है। पूरे 508 किलोमीटर के कॉरिडोर में बिजली वितरण के लिए 14 ट्रैक्शन सब-स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनसे मिलने वाली बिजली की निगरानी एक केंद्रीय नियंत्रण केंद्र के जरिए की जाएगी। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि बुलेट ट्रेन परियोजना को अलग-अलग चरणों में चालू किया जाएगा। 2027 के अंत तक अहमदाबाद से वापी के बीच का हिस्सा तैयार करने का लक्ष्य है। मुंबई की तरफ ठाणे तक बुलेट ट्रेन सेवा 2029 तक पहुंचने की उम्मीद है। महाराष्ट्र वाले हिस्से में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें समुद्र के नीचे बनाई जा रही सुरंग भी शामिल है। आसपास के रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार ट्रेन के शोर का असर कम करने के लिए इस हिस्से में करीब 94 हजार नाइज बैरियर लगाए गए हैं।

रेल मंत्री के अनुसार शुरुआती ट्रायल के लिए बी-28 ट्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसे अधिकतम 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के लिए तैयार किया गया है। 240 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार वाली ट्रेनें हाई-स्पीड श्रेणी में आती हैं। ऐसी ट्रेनों के लिए सामान्य रेल लाइनों की तुलना में अत्यधिक मजबूत और विशेष तकनीकी मानकों वाले ढांचे की जरूरत होती है। वैष्णव ने बताया कि तेज रफ्तार से चलने के दौरान ट्रेन के आसपास हवा के दबाव में काफी बदलाव आता है। इससे ट्रेन के डिब्बों और रेल ढांचे पर भी दबाव पड़ता है। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए ट्रेन और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे को तैयार किया गया है।

Popular Articles