spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सरकारी दस्तावेजों से महिलाओं के नाम हटेंगे

– ‘बीबी’ लिखने का आदेश, इलाज के पर्चों पर भी नहीं लिख सकेंगे नाम

काबुल :- अफगानिस्तान में तालिबान ने महिलाओं के नाम सरकारी कागजों और मेडिकल रिकॉर्ड में लिखने पर रोक लगा दी है। उत्तरी बल्ख प्रांत में सरकारी कर्मचारियों और अस्पतालों के स्टाफ से कहा गया है कि वे महिलाओं के नाम की जगह ‘बीबी’ लिखें। महिलाओं की पहचान उनके रिश्ते से भी लिखी जा सकती है, जैसे ‘फलां की पत्नी’ या ‘फलां की बेटी’। द गार्जियन और स्पेन के अखबार एल पाइस के मुताबिक, यह आदेश करीब मई में जारी किया गया था। इसका असर अस्पतालों में भी पड़ सकता है। अगर कई महिला मरीजों के पर्चों पर एक ही नाम ‘बीबी’ लिखा होगा, तो डॉक्टरों और दूसरे कर्मचारियों को मरीज की सही पहचान करने में परेशानी हो सकती है।

अपमानजनक शब्द इस्तेमाल करने का आरोप

सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुछ अधिकारी महिलाओं को ‘बकरी’ और ‘गाय’ जैसे अपमानजनक शब्दों से भी बुला रहे हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है। यूरोपियन डेमोक्रेट्स ने X पर इस आदेश की आलोचना की। संगठन ने कहा कि तालिबान पहले ही महिलाओं की पढ़ाई और आजादी पर रोक लगा चुका है। अब उनके मेडिकल रिकॉर्ड से नाम भी हटाए जा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह धर्म या नैतिकता नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ भेदभाव है। दूसरे यूजर ने कहा कि महिलाओं से उनका नाम, चेहरा, आवाज, नौकरी और पढ़ाई तक छीन ली गई है। अब उनकी पहचान भी मिटाई जा रही है।

2021 से महिलाओं पर लगातार सख्त हो रही पाबंदियां

अगस्त 2021 में अफगानिस्तान की सत्ता संभालने के बाद से तालिबान ने महिलाओं और लड़कियों पर कई तरह की रोक लगाई हैं। लड़कियों के लिए स्कूल और यूनिवर्सिटी की पढ़ाई बंद कर दी गई है। महिलाओं को कई सरकारी और निजी नौकरियां छोड़नी पड़ी हैं। घर से बाहर आने-जाने और सार्वजनिक जगहों पर जाने के लिए भी सख्त नियम बनाए गए हैं। दिसंबर 2024 से महिलाओं के मेडिकल संस्थानों में पढ़ने पर भी रोक लगा दी गई है। इससे देश में महिला डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब मेडिकल रिकॉर्ड में महिलाओं के नाम लिखने पर रोक से अस्पतालों में मरीजों की पहचान और इलाज से जुड़ी मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।

Popular Articles