– गिट्टीखदान पुलिस ने 3.62 ग्राम ड्रग्स जब्त किया
नागपुर :- गिट्टीखदान पुलिस ने नशीले पदार्थ एमडी पाउडर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गली नंबर 1, बुद्ध विहार के पास, भीमसेना नगर, भिवसनखोरी, नागपुर निवासी नेहाल रवि उके (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को शाम 4.45 से 6.30 बजे के बीच गिट्टीखदान पुलिस का दल क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहा था। इसी दौरान मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए पंचों की मौजूदगी में छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो जिपलॉक पन्नियों में कुल 3.62 ग्राम एमडी पाउडर, जिसकी कीमत करीब 10,860 रुपए है, बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी एमडी पाउडर को आर्थिक लाभ के लिए बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। आरोपी के खिलाफ गिट्टीखदान थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) और 22(ब) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सत्यवीर बंडीवार के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सारंग मिराशी, पुलिस निरीक्षक देवा नरोटे, पुलिस उपनिरीक्षक खुशाल राठौड़, पुलिसकर्मी नितिन रंगारी, घनश्याम निलेश और महिला पुलिसकर्मी अश्विनी आंबोले ने की।





