कन्हान नदी में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई

0
47

– जेसीबी सहित 28.40 लाख रु. का माल जब्त

पारशिवनी :- पारशिवनी क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नागपुर ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा और पारशिवनी पुलिस ने कन्हान नदी के पात्र से जेसीबी मशीन द्वारा रेत जमा कर अवैध रूप से परिवहन करने की कोशिश को विफल किया. इस दौरान पुलिस ने जेसीबी मशीन सहित कुल 28 लाख 40 हजार रुपये का माल जब्त किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मार्च गुरुवार सुबह करीब 9 बजे स्थानीय अपराध शाखा का पथक पारशिवनी थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहा था. इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि पारडी स्थित कन्हान नदी के पात्र में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और उसकी चोरी-छिपे ढुलाई की तैयारी है. सूचना के आधार पर पथक प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक विजय चिनौर, हेड कांस्टेबल अरविंद भगत, प्रमोद भोयर, पुलिस उपनिरीक्षक संजय बदोरिया और उमेश फुलबैल की टीम ने मौके पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान नदी पात्र में जेसीबी क्रमांक एमएच-40/सीक्यू-7827 और लगभग 8 ब्रास रेत पाई गई. मौके पर मौजूद चालक सरोज दुर्गाप्रसाद समरिते को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसने वाहन मालिक का नाम संकेत लांबट बताया. जब पुलिस ने खनन से संबंधित वैध अनुमति पत्र मांगा, तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने जेसीबी (कीमत 28 लाख रु.) और 8 ब्रास रेत (कीमत 40 हजार रु.) जब्त कर कुल 28.40 लाख रु. का माल कब्जे में लिया.

चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में चालक सरोज समरिते और मालिक संकेत लांबट के खिलाफ पारशिवनी पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, खनिज अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के पटवारी गणेश चौहान और रोशन माने को भी मौके पर बुलाया गया, जिनकी उपस्थिति में पंचनामा कर जब्त जेसीबी को तहसील कार्यालय में जमा कराया गया. आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार थरात के मार्गदर्शन में जारी है.