– पेंडॉल डालकर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
नागपूर :- 18 दिसंबर- नागपुर शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लरों के बढ़ते चलन और इसके कारण युवाओं एवं विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहे गंभीर दुष्परिणामों के विरोध में भीम सेना की ओर से आज गोकुलपेठ मार्केट, नागपुर में एक भव्य, शांतिपूर्ण एवं जनहितकारी आंदोलन आयोजित किया गया।इस आंदोलन का नेतृत्व भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीधर साळवे ने किया। आंदोलन के दौरान प्रशासन से मांग की गई कि नागपुर शहर में संचालित सभी अवैध हुक्का पार्लरों को तत्काल बंद किया जाए तथा उनके संचालकों और उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।अपने संबोधन में श्रीधर साळवे ने कहा, “हुक्का पार्लर केवल गैरकानूनी व्यापार नहीं हैं, बल्कि यह हमारी युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलने की साजिश है। जब तक नागपुर शहर से अवैध हुक्का पार्लर पूरी तरह बंद नहीं होते, तब तक भीम सेना का आंदोलन जारी रहेगा।”उन्होंने यह भी स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो भीम सेना पेंडॉल डालकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी, जो अवैध हुक्का पार्लरों के पूरी तरह बंद होने तक लगातार जारी रहेगा। इस आंदोलन में समाज के विभिन्न वर्गों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं जागरूक नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा। भीम सेना ने यह आरोप भी लगाया कि कुछ क्षेत्रों में केवल नाममात्र की कार्रवाई कर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बढ़ रहे हैं। संगठन ने मांग की कि पुलिस प्रशासन विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी अवैध प्रतिष्ठानों की पहचान कर उन्हें स्थायी रूप से बंद करे।

आंदोलन का मुख्य उद्देश्य नागपुर शहर को नशामुक्त, सुरक्षित एवं अनुशासित बनाना है। भीम सेना ने मीडिया और नागरिकों से इस सामाजिक संघर्ष में सक्रिय सहयोग की अपील की। आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में भीम सेना के विकास बागुल नागपुर शहर अध्यक्ष, नागसेन पाटिल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, इमरान कुरेशी उपाध्यक्ष जिला, ज्योति बेल महिला जिला अध्यक्ष, रोशन सोमकुंवर जिला प्रभारी दिलीप फ़ुलझले नागपुर सचिव आनंद वानखेड़े वाडी शहर अध्यक्ष, धर्मेश पाटिल सामाजिक कार्यकर्ता योगेश नारनवारे विधानसभा अध्यक्ष कटोल, किरण वाघमारे वाडी शहर अध्यक्ष ज्योति समकुमार वाडी सचिन ज्योति सोनटके वाडी शहर सचिव सोनू साखरे मध्य नागपुर अध्यक्ष सिराज खान ऑटो रिक्शा यूनियन अध्यक्ष भीम सेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




