– 139 किलो प्रतिबंधित तंबाकू जब्त
नागपुर :- पुलिस की क्राइम ब्रांच वाहन चोरी विरोधी पथक ने प्रतिबंधित तंबाकू की बड़ी खेप पकड़ी. क्राइम ब्रांच ने 139 किलो प्रतिबंधित तंबाकू जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी काल भैरव मंदिर के पास बिनाकी मंगलवारी निवासी राजेंद्र लवंगौर गिरी (42) बताया गया. आरोपी से प्रतिबंधित तंबाकू और कार समेत कुल 3,75,000 रुपये का माल जब्त किया गया. आगे की कार्रवाई के लिए राजेंद्र को वाडी पुलिस के हवाले कर दिया गया. क्राइम ब्रांच की टीम को प्रतिबंधित तंबाकू की तस्करी की गुप्त सूचना मिली. पुलिस ने अन्न सुरक्षा अधिकारी के साथ वाडी थाना अंतर्गत नागपुर-अमरावती रोड पर जाल बिछाया. पुलिस ने शिला कॉम्प्लेक्स के पास कार क्र. एमएच-29/एआर-2333 को रोका. वाहन की तलाशी लेने पर 13 बोरियों में भरा हुआ विविध कंपनियों का प्रतिबंधित तंबाकू और पान मसाला बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. राजेंद्र के खिलाफ वाडी थाने में विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. वाडी पुलिस आगे की जांच कर रही है. वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सुधीर बोरकुटे और उनकी टीम समेत अन्न व औषध विभाग ने कार्रवाई को अंजाम दिया.




