spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

4 घंटे में तैयार हुआ बूटीबोरी का ‘मेगा बीम’

– 19.63 मीटर लंबे पोर्टल बीम के निर्माण से मेट्रो काम को मिली रफ्तार

नागपुर :- नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 के काम को गति देते हुए महामेट्रो ने बूटीबोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास 19.63 मीटर लंबे पोर्टल बीम का सफलतापूर्वक निर्माण किया है। अत्याधुनिक प्रीकास्ट प्रीस्ट्रेस्ड तकनीक से किये गये इस कार्य के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के यातायात पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।

पोर्टल बीम का उपयोग उन स्थानों पर मेट्रो वायाडक्ट को सहारा देने के लिए किया जाता है, जहां सड़क के बीच या नीचे पिलर का निर्माण संभव नहीं होता। खापरी से बूटीबोरी ईएसआर स्टेशन के बीच ऐसे कुल 18 पोर्टल बीम बनाए जाने हैं। इस मार्ग का बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरता है। बूटीबोरी ओवरब्रिज के पहुंच मार्ग के पास 19.63 मीटर लंबे पोर्टल बीम का निर्माण आवश्यक था। यदि पारंपरिक ‘कास्ट-इन-सिटू’ तकनीक से मौके पर ही बीम तैयार किया जाता, तो निर्माण के दौरान करीब दो से तीन महीने तक यातायात प्रभावित होने की आशंका थी। इसे देखते हुए महामेट्रो के इंजीनियरों ने वैकल्पिक तकनीक अपनाने का निर्णय लिया।

दो हिस्सों में तैयार किया गया बीम

पूरे 19.63 मीटर लंबे बीम का वजन करीब 252 मीट्रिक टन होता। इतने भारी बीम को एक साथ परिवहन कर क्रेन से स्थापित करना चुनौतीपूर्ण होता और इसके लिए यातायात को डायवर्ट करना पड़ता। इसलिए इंजीनियरों ने बीम को दो प्रीकास्ट हिस्सों में तैयार किया। पहला हिस्सा 9.5 मीटर लंबा और करीब 128 मीट्रिक टन वजनी था, जबकि दूसरा हिस्सा 5.53 मीटर लंबा और करीब 63 मीट्रिक टन का था। दोनों हिस्सों को 1 मीटर की ‘स्टिच अरेंजमेंट’ से जोड़ा गया। इसके बाद दोनों सिरों पर कंक्रीट का सहारा देकर 19.63 मीटर का पूरा पोर्टल बीम तैयार किया गया।

चार घंटे में पूरा हुआ निर्माण

महामेट्रो के अनुसार, 28 जुलाई की मध्य रात्रि 1 बजे से सुबह 5 बजे के बीच महज चार घंटे में यह जटिल निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। 150 टन क्षमता वाली दो क्रेनों की मदद से पोर्टल बीम को निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया। खास बात यह रही कि इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया गया। पोर्टल बीम के सफल निर्माण से खापरी-बूटीबोरी मेट्रो लाइन के निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है। महामेट्रो के मुताबिक, इससे परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लाइन शुरू करने में मदद मिलेगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.