– फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में 31 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान जनवरी 2026 में फेसबुक के माध्यम से प्रीतम रवि लावणकर (36) से हुई थी। दोनों के बीच पहले फोन पर बातचीत शुरू हुई और बाद में दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता का विश्वास जीता और इसी भरोसे पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी युवती को अलग-अलग स्थानों, जिनमें बेलतरोड़ी क्षेत्र का एक होटल भी शामिल है, मिलने के लिए बुलाता था। जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने बेलतरोड़ी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





