– निर्माण कार्य पर अभियंताओं की चुप्पी, ठेकेदार की मनमानी जारी
यासीन शेख, गोंदिया तिरोड़ा :- गोरेगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय रहांगडाले के आवागमन के मुख्य मार्ग मंगेझरी–चुरडी मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। सार्वजनिक बांधकाम विभाग की देखरेख में यहां सड़क का सीमेंट कंक्रीट (सीसी) निर्माण किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क निर्माण बेहद घटिया तरीके से किया जा रहा है। सड़क के लिए पहले किया गया खड़ीकरण (बेस लेयर) कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुका है, लेकिन उसकी मरम्मत किए बिना उसी उखड़े हुए बेस पर सीधे सीमेंट कंक्रीट डाला जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह जताया जा रहा है और भविष्य में सड़क की मजबूती पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है।
जानकारी के मुताबिक मंगेझरी से तिरोड़ा की ओर जाने वाले इस मार्ग के निर्माण के लिए करोड़ों मंजूर किए गए हैं कार्य के शुरुआत से ही संबंधित अभियंता के देखरेख की कमी रही है विशेष बात यह है कि इन दिनों यह निर्माण कार्य क्षेत्र के विधायक विजय रहांगडाले के निवास स्थान खमारी की सीमा के पास ही चल रहा है कार्य नियोजन का अभाव है साथ ही लापरवाहियों की सीमा पर हो गई है यहां कुछ महीने पहले इस मार्ग पर खड़ीकरण किया गया था, जो अब कई जगहों पर उखड़ गया है, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा उसकी मरम्मत किए बिना ही आगे का सीमेंट कंक्रीट कार्य किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सार्वजनिक बांधकाम विभाग तिरोड़ा इस मामले में कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे ठेकेदार अपनी मनमानी से काम कर रहा है।
इसके अलावा निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी कोई साइन बोर्ड या चेतावनी संकेत भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यह सड़क निर्माण कार्य विभागीय लापरवाही का शिकार होता नजर आ रहा है।
इस संबंध में जब अभियंता अभिजीत खांडालकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल फोन संपर्क क्षेत्र से बाहर बताया गया, जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका।