नागपुर :- सेंट्रल एवेन्यू रोड के चितारओली मेट्रो स्टेशन के समीप जख्मी अवस्था में पाए गए वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई थी और पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था. जांच के दौरान सच्चाई सामने आई और पता चला कि माल वाहन की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हुई थी. पुलिस ने अब आरोपी वाहन चालक कंट्रोलवाड़ी निवासी नितिन बुराड़े को उसके खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है.
चिखली, कलमना निवासी ओमप्रकाश अग्रवाल विगत 2 सितंबर को दोपहर में अपने दोपहिया वाहन से सेंट्रल एवेन्यू रोड से जा रहे थे. उन्हें रास्ते पर जख्मी अवस्था में पड़ा देखा गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. गाड़ी स्लिप होने का अनुमान लगाकर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था. घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी भी पुलिस को नहीं मिला था. बाद में प्रकरण की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई. फुटेज में पता चला कि एम. एच.40-वाई.3550 नंबर के माल वाहन ने ओमप्रकाश की गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी थी. बाद में उन्हें वाहन के नीचे कुचलकर भाग निकला. पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु के लिए जिम्मेदारी होने का मामला दर्ज किया. वाहन के नंबर के आधार पर आरोपी नितिन को तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया.



