Tuesday, March 17, 2026
spot_imgspot_img
spot_img

पिता की सड़क हादसे में मौत

अमरावती :- अमरावती के पुराने बायपास मार्ग पर स्थित एमआयडीसी चौक पर रविवार मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाला ‘हिट एंड रन’ हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर से पिता और पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मायानगर निवासी गजानन श्रीराम माकोडे (52) और उनकी बड़ी बेटी सपना गजानन माकोडे (24) के रूप में हुई है। इस भीषण दुर्घटना में गजानन की दूसरी बेटी प्रियंका (22) गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

गजानन माकोडे रविवार रात करीब 12 बजे अपनी दोनों बेटियों, सपना और प्रियंका को पुणे जाने वाली निजी ट्रेवल्स बस में बैठाने के लिए दुपहिया वाहन से एमआयडीसी चौक पहुंचे थे। इसी दौरान नांदगाव पेठ से बडनेरा की दिशा में बेहद तेज गति से आ रही एक सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल इर्विन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गजानन और सपना को मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में फरार कार चालक ने सोमवार सुबह खुद राजापेठ पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1), 125(B) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध संख्या 177/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की चिकित्सीय जांच कराई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे मायानगर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com