पूरे गोंदिया जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें – डेमेन्द्र रहांगडाले

0
1

– केवल तिरोड़ा ही क्यों? कांग्रेस ने उठाए सवाल

देवेंद्र दमाहे,गोंदिया :- राज्य सरकार द्वारा केवल तिरोड़ा तहसील को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने पर गोंदिया जिले की अन्य तहसीलों के किसानों में नाराजगी है। गोंदिया जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डेमेन्द्र रहांगडाले ने पूरे जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। उन्होंने गोंदिया, गोरेगांव, आमगांव, सालेकसा, देवरी, अर्जुनी मोरगांव और सड़क अर्जुनी तहसीलों में फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है।

रहांगडाले ने कहा कि इस खरीफ सीजन में धान की फसल पर कोड कीड़ा, मावा और करपा जैसे रोगों का प्रकोप रहा। किसानों ने तीन-चार बार कीटनाशकों का छिड़काव किया, लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिला। अगस्त में करीब 27 दिनों तक बादल छाए रहने और सितंबर में लगातार बारिश के कारण धान की फसल प्रभावित हुई है। उत्पादन लागत बढ़ने के बावजूद फसल उत्पादन कम होने की आशंका से किसान आर्थिक संकट में हैं।उन्होंने कहा कि सूखे और फसल नुकसान का आकलन सभी तहसीलों में समान मानकों के आधार पर किया जाना चाहिए। शासन को खेत स्तर पर सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करना चाहिए तथा प्रभावित किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए। रहांगडाले ने पूरे गोंदिया जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को आवश्यक सहायता देने की मांग की है।