– कई फ्लाइटें देर से उड़ीं, 100 से ज्यादा ट्रेनें घंटों लेट
नई दिल्ली :- आज सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। सुबह करीब 9:40 बजे तक हालात ऐसे रहे कि धूप नजर नहीं आई और विजिबिलिटी बेहद खराब बनी रही। घने कोहरे और जहरीली धुंध के कारण हवाई और रेल यातायात दोनों पर असर पड़ा है। इतना ही नहीं, देश की अलग-अलग जगहों से दिल्ली आने वाली 100 से ज्यादा ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं। इनमें कुछ ट्रेनें ऐसी भी हैं, जो 10-10 घंटे से ज्यादा की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा, कुछ ट्रेनों को डायवर्टेड रूट से चलाया जा रहा है। खराब विजिबिलिटी की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली कई फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं। स्थिति को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने कहा है कि उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के चलते फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइंस के आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें, एयरपोर्ट समय से पहले पहुंचें और अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं।




