– ‘नॉईज फ्री नागपुर’ पोर्टल से 24 घंटे दर्ज करें शिकायत
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका ने ध्वनि प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए ‘नॉईज फ्री नागपुर’ पोर्टल शुरू किया है। मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ के निर्देशानुसार शुरू की गई इस व्यवस्था में नागपुर पुलिस आयुक्तालय का भी सहयोग है। पोर्टल के माध्यम से नागरिक 24 घंटे ध्वनि प्रदूषण की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
ध्वनि प्रदूषण की शिकायत https://noisefreenagpur.in/ पोर्टल पर दर्ज की जा सकती है। इसके लिए ‘Register’ के माध्यम से खाता बनाकर ‘File Complaint’ विकल्प चुनना होगा। शिकायत में घटनास्थल का पता, ध्वनि के स्रोत, समय और घटना का विवरण दर्ज किया जा सकेगा। उपलब्ध होने पर फोटो, वीडियो या ऑडियो भी प्रमाण के रूप में अपलोड किया जा सकता है। शिकायत दर्ज होने के बाद वह संबंधित क्षेत्र के पुलिस थाने के निरीक्षक को भेजी जाएगी और शिकायतकर्ता को एक संदर्भ क्रमांक मिलेगा। इस क्रमांक के जरिए ‘Track Complaint’ विकल्प से शिकायत की स्थिति देखी जा सकेगी। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने तथा गुमनाम शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
30 मिनट में होगी कार्रवाई
पोर्टल की प्रमुख विशेषता शिकायत मिलने के बाद 30 मिनट के भीतर कार्रवाई की व्यवस्था है। निर्धारित समय में शिकायत पर ध्यान नहीं दिए जाने पर मामला सीधे एसीपी या डीसीपी स्तर के अधिकारियों तक भेजा जाएगा। पोर्टल के माध्यम से डीजे, तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर, पटाखे, निर्माण कार्य, वाहनों के अनावश्यक हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और जनरेटर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण की शिकायत भी की जा सकती है। शिकायत के साथ फोटो, ऑडियो और वीडियो के अलावा समय तथा जीपीएस लोकेशन भी दर्ज की जाएगी।
यह प्रणाली मनपा आयुक्त डॉ.विपिन के मार्गदर्शन में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संचालक मिलिंद मेश्राम और सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी स्वप्निल लोखंडे के नियंत्रण में विकसित की गई है। फिलहाल यह व्यवस्था शहर के 6 पुलिस परिमंडल और 35 पुलिस थानों की सीमा में लागू की गई है।





