नरखेड़ :- तहसील के बेलोना ग्राम में एक किसान ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की सुबह उजागर हुई। जानकारी के अनुसार, मृतक पुरुषोत्तम नामदेव गायधने (45) के परिवार में लगभग 3 एकड़ खेती है। कुछ हिस्सा पुरुषोत्तम ने ठेका पद्धति से लिया था। लगातार फसल बर्बाद व प्राकृतिक आपदा से ग्रस्त कृषि उपज को बेहतर दाम नहीं मिलने से पुरुषोत्तम की आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी थी। परिवार का पालन-पोषण व अन्य जिम्मेदारी को लेकर पुरुषोत्तम अक्सर चिंता में रहता था। पुरुषोत्तम की मौत के बाद पत्नी, एक बेटा व एक बेटी बेसहारा हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व पंचनामा किया। आगे की जांच नरखेड़ पुलिस कर रही है। नरखेड़ तहसील में किसान आत्महत्या की बढ़ती घटना चिंता का विषय बन गया है। प्रशासन की ओर से तत्काल प्रभावी उपाय योजना करने की मांग की जा रही है।








