spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुलिस को चकमा दे रहे अफीम तस्करों से मुठभेड़

– ₹58 लाख का माल बरामद

लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस से बचने के लिए मादक पदार्थ तस्करों ने फिल्मी अंदाज में अपनी तेज रफ्तार कार से 100-100 रुपए के नोट सड़क पर फेंककर ध्यान भटकाने की कोशिश की, लेकिन उनका यह दांव नाकाम रहा। पुलिस ने पीछा जारी रखा और मुठभेड़ के बाद एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात सोनभद्र के एक राजमार्ग पर हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 58.75 लाख रुपए मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, वाहन जांच के दौरान एक होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने इसकी अनदेखी करते हुए कार तेज रफ्तार से भगा दी। इसके बाद विशेष अभियान दल (एसओजी) के जवानों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि भागने के दौरान तस्करों ने एसओजी के सरकारी वाहन और एक निजी वाहन को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वर्मा ने बताया कि इसके बाद स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने पुलिस की मदद के लिए अपनी कार उपलब्ध कराई, जिसके बाद दोबारा पीछा शुरू किया गया। पुलिस का ध्यान भटकाने की कोशिश में कार सवार लोगों ने सड़क पर 100-100 रुपए के नोट फेंकने शुरू कर दिए।

वर्मा ने कहा कि आरोपियों ने चलती कार से नोट फेंककर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद पीछा बिना रुके जारी रहा। आखिरकार पुलिस ने चोपन क्षेत्र में वाहन को घेर लिया। उन्होंने बताया कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लुधियाना निवासी 27 वर्षीय प्रिंस घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गाड़ी से 3 किलो अफीम समेत ₹58.75 लाख का माल बरामद

पुलिस के अनुसार, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाश में तीन किलोग्राम अफीम और 225 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49 लाख रुपए है। पुलिस ने होंडा सिटी कार, 50 हजार रुपए, एक देसी तमंचा और एक खोखा बरामद किया है। कुल बरामदगी का मूल्य 58.75 लाख रुपए आंका गया है।

Popular Articles