– गंगा-कोसी समेत कई नदियां उफान पर, भागलपुर में रिंग बांध ओवरफ्लो, करीब 4 हजार घर जलमग्न
पटना :- बिहार में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती समेत कई नदियां उफान पर हैं। राज्य के 12 जिलों में करीब 22.42 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। भागलपुर जिले में रिंग बांध के ओवरफ्लो होने से सुल्तानगंज इलाके के करीब चार हजार घरों में पानी घुस गया है। कई इलाकों में सड़कें और संपर्क मार्ग जलमग्न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश से हालात बिगड़े:
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। बरेली में रविवार दोपहर से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। बरेली के फायर स्टेशन में करीब तीन फीट तक पानी भर गया। कई घरों में घुटनों तक पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों के किचन और बेडरूम तक पानी पहुंचने की तस्वीरें सामने आई हैं।
लखनऊ में भी बारिश का कहर
लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में भी तेज बारिश की सूचना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
उत्तराखंड में चार जिलों में स्कूल बंद:
उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में बारिश को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और राहत दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी है। प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के साथ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।





