नागपुर :- भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधान परिषद की नागपुर स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट के उपचुनाव के लिए वरिष्ठ संगठननिष्ठ नेता डॉ. राजीव पोतदार को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम और निष्ठा का सम्मान सर्वोपरि है।
शनिवार देर रात लगभग 10:30 बजे भाजपा नेतृत्व ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव और उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की, जिसमें नागपुर उपचुनाव के लिए डॉ. राजीव पोतदार के नाम पर मुहर लगाई गई। इस घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई।
यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के 2024 के विधानसभा चुनाव में विजयी होने के बाद रिक्त हुई थी। चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषणा के बाद इस सीट के लिए कई नाम चर्चा में थे, लेकिन अंततः संगठन में लंबे समय से सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता डॉ. राजीव पोतदार को अवसर देकर भाजपा ने कार्यकर्ता-आधारित राजनीति की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
डॉ. पोतदार वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विदर्भ में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी पहचान एक शांत, संयमी, अध्ययनशील और संगठन के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता के रूप में की जाती है। यही कारण है कि उनकी उम्मीदवारी को भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद रविवार सुबह हजारों भाजपा कार्यकर्ता डॉ. पोतदार के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। संविधान चौक से शुरू हुई भव्य रैली आकाशवाणी चौक होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंची। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं के चेहरे पर उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।
दोपहर लगभग 12 बजे डॉ. राजीव पोतदार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, राज्यमंत्री आशीष जयसवाल, भाजपा नागपुर शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, भाजपा नागपुर ग्रामीण (काटोल) अध्यक्ष मनोहर कुंभारे तथा नागपुर की महापौर नीता ठाकरे सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नागपुर स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा-महायुति की मजबूत स्थिति को देखते हुए डॉ. पोतदार का पलड़ा काफी मजबूत माना जा रहा है। वहीं कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने एक ऐसे व्यक्ति को आगे बढ़ाया है जिसने वर्षों तक बिना किसी अपेक्षा के संगठन के लिए कार्य किया और आज उन्हें उनके समर्पण का उचित सम्मान मिला है।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, डॉ. राजीव पोतदार की उम्मीदवारी केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं बल्कि संगठन के प्रति निष्ठा, मेहनत और समर्पण की जीत है। यह निर्णय उन हजारों कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा जो वर्षों से पार्टी के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं।
डॉ. राजीव पोतदार को मिली यह जिम्मेदारी केवल एक राजनीतिक नियुक्ति नहीं, बल्कि संगठन के प्रति उनकी वर्षों की निष्ठा, समर्पण और अथक मेहनत का सम्मान है। भाजपा ने एक बार फिर साबित किया है कि पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है और संगठन के लिए निरंतर काम करने वालों को उचित समय पर उचित सम्मान अवश्य मिलता है।
भाजपा उम्मीदवारों की सूची (महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026):
१.वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली – अरुण लखानी
२.भंडारा-गोंदिया – अविनाश ब्रह्मणकर
३.अमरावती – प्रविण पोटे पाटिल
४.सांगली-सातारा – धैर्यशील कदम
५.सोलापुर – राजेंद्र राऊत
६.अहिल्यानगर – प्राजक्त तनपुरे
७.छत्रपति संभाजीनगर-जालना – सुहास शिरसाट
८.नांदेड़ – अमर राजूरकर
९.धाराशिव-लातूर-बीड – बसवराज पाटिल
१०.जलगांव – नंदकिशोर महाजन
११.नागपुर विधान परिषद उपचुनाव 2026: डॉ. राजीव पोतदार (भाजपा उम्मीदवार)








