Wednesday, February 25, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

दिल्ली में दिल दहलाने वाली वारदात,पत्नी और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या; पति फरार

नई दिल्ली :- दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बुधवार को एक घर के भीतर महिला और उसके तीन मासूम बच्चियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चारों की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। पुलिस को शक है कि इस जघन्य हत्याकांड को महिला के पति ने ही अंजाम दिया है, जो फिलहाल फरार है।

इलाके में पसरा मातम

यह दर्दनाक घटना समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर के अंदर चार लोगों के शव पड़े हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे का मंजर देखकर दंग रह गई। महिला और उसके तीनों नाबालिग बच्चियों के गले कटे हुए थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था। तीनों बच्चियों की उम्र, 3 साल, 4 साल और 5 साल बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की बेरहमी से हत्या की और मौके से भाग निकला। आरोपी सब्जी बेचने का काम करता है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक समय और तरीके का पता लगाया जा सके।

आरोपी की तलाश में जुटी कई टीमें

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी पति को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता चल सके और फरार आरोपी के संभावित छिपने के ठिकानों का पता चल सके।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com