मुंबई २७ : एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से 28 सितंबर तक खेला जाएगा। एशिया कप के सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेला जाएगा। वहीं फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म ड्रीम11 ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्पॉन्सर से हटने के बाद बीसीसीआई नए स्पॉन्सर की तलाश कर रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, फैंटेसी गेमिंग कंपनी ने बीसीसीआई को बताया है कि संसद में ‘प्रमोशन एंड रेग्युलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल, 2025’ पास होने के बाद वह भारतीय क्रिकेट टीम की स्पॉन्सरशिप जारी नहीं रख पाएगी। इस नए नियम के तहत ड्रीम11 जैसे रियल-मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह से रोक लगाया गया है।
इस फैसले के बाद बीसीसीआई अब 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले एशिया कप से पहले नए टाइटल स्पॉन्सर की तलाश कर रहा है। ड्रीम11 के हटने के बाद अब कुछ नई कंपनियां बीसीसीआई के साथ टाइटल स्पॉन्सर बनने में दिलचस्पी दिखा रही हैं। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, “दो कंपनियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को स्पॉन्सर करने में रुचि दिखाई है। अब तक टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन और एक फिनटेक स्टार्टअप ने टाइटल स्पॉन्सरशिप में दिलचस्पी दिखाई है, हालांकि ऑफिशियल टेंडर प्रोसेस अभी शुरू नहीं हुई है। एशिया कप के लिए टीम इंडिया की जर्सी पहले ही ड्रीम11 के लोगो के साथ छप चुकी है, लेकिन उनका इस्तेमाल इस टूर्नामेंट में नहीं किया जाएगा।”
ड्रीम11 ने बीसीसीआई को दी जानकारी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को साफ कहा था कि बोर्ड देश के कानूनों का पूरी तरह पालन करेगा। सैकिया ने कहा, “अगर इसकी अनुमति नहीं है, तो हम कोई कदम नहीं उठाएंगे। बीसीसीआई केंद्र सरकार की हर नीति का पालन करेगा।” द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, “ड्रीम11 के अधिकारियों ने बीसीसीआई के सीईओ हेमंग अमीन से मुंबई स्थित बोर्ड कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें स्पॉन्सरशिप छोड़ने के अपने फैसले की जानकारी दी। बीसीसीआई जल्द ही नया टेंडर जारी करेगा।”
@credit/source: money control




