Wednesday, February 25, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

कोराडी नाका रोड का काम जल्द पूरा करो, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन – खेमराज दमाहे

नागपूर :- भारतीय जनता पार्टी कामगार मोर्चा नागपुर शहर के अध्यक्ष खेमराज दमाहे के नेतृत्व में कोराडी नाका रोड पर चल रहे पुलिया निर्माण की सुस्त रफ्तार के खिलाफ तीखी नाराजगी जताई गई। मामला राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर स्थित कोराडी रोड नाका (बोखारा रोड) का है, जहां पिछले एक वर्ष से पुलिया निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है।

गुस्साए पदाधिकारियों ने सीधे नेशनल हाईवे कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई और साफ चेतावनी दी कि दो महीने के भीतर पुलिया का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो जोरदार आंदोलन छेड़ा जाएगा।

खेमराज दमाहे ने कहा कि एक साल से अधूरा पड़ा काम आम नागरिकों के लिए मुसीबत बन चुका है। रोजाना हजारों लोगों को जाम, धूल, दुर्घटना के खतरे और घंटों की देरी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

आर्य नगर, ओम नगर, नारा, ओम साई नगर, बोखारा, कोराडी, सावनेर, छिंदवाड़ा, मानकापूर और नागपुर शहर आने-जाने वाले नागरिकों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है।

दमाहे ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि “दो महीने के अंदर काम पूरा करें, अन्यथा सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”

इस दौरान अजय साहू, हेमंत बारापातरे, नितेश लिल्हारे और रमन कोटले भी उपस्थित थे। अब देखना यह है कि प्रशासन चेतावनी को गंभीरता से लेता है या फिर जनता के गुस्से का सामना करने के लिए तैयार रहता है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com