मोदी पिछले आठ साल की ‘लूट महोत्सव’ की जिम्मेदारी लें : हर्षवर्धन सपकाळ का हमला

0
78

– आत्मनिर्भरता के उपदेश पर भी उठाए सवाल

मुंबई :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी आज जीएसटी दरों में कटौती का श्रेय ले रहे हैं, जबकि 2017 में उन्होंने ही ऊंचे दर लागू कर उद्योग, व्यापार और आम नागरिकों की आर्थिक लूट की थी। आठ सालों में जीएसटी संग्रह दोगुना होकर 22 लाख करोड़ तक पहुंच गया है, जिसका सबसे बड़ा बोझ उपभोक्ताओं और छोटे व्यवसायों पर पड़ा। “दर कम करने का श्रेय लेते समय प्रधानमंत्री को आठ वर्षों की लूट की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए,” सपकाळ ने कहा।

सपकाळ ने सवाल उठाया – “अगर आज बचत महोत्सव है तो क्या पिछले आठ साल लूट महोत्सव चल रहा था?” उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि मोदी ने जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ बना दिया है। पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों पर मोदी की चुप्पी पर भी उन्होंने निशाना साधा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि आत्मनिर्भरता का उपदेश देने वाले प्रधानमंत्री खुद विदेशी गाड़ियां, घड़ियां, पेन और फोन का उपयोग करते हैं और ऐशोआराम की जिंदगी जीते हैं। उनके भाषण में आत्मविश्वास की कमी थी, जो देशभर में गूंज रहे “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारों और बढ़ती जन नाराजगी को दर्शाता है।

सपकाळ ने मांग की कि प्रधानमंत्री को महंगाई, बेरोजगारी, कृषि और किसानों के मुद्दों पर वास्तविक और ईमानदार प्रयास करने चाहिए, न कि जनता को गुमराह करने वाले भाषण।