नागपुर :- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चांद पुलिस थाने में दर्ज दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी को नागपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान खजरी रोड, छिंदवाड़ा निवासी कपिल उर्फ सोनू राजेंद्र सिंह कुठारे (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, चांद थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और वहां से फरार हो गया। इस मामले में चांद पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपनी पहचान छिपाकर नागपुर के काचीपुरा क्षेत्र में रह रहा है। आरोपी की तलाश में मध्य प्रदेश पुलिस की टीम नागपुर पहुंची। बजाज नगर पुलिस थाने की डीबी टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद उसे सीताबर्डी थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर बजाज नगर थाने लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त ऋषिकेश रेड्डी सिंगा रेड्डी, सहायक पुलिस आयुक्त यशवंत नलावडे तथा बजाज नगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतन सिंह चौहान के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी बोरकर, पुलिस उपनिरीक्षक दीपक पवार सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने की।





