– प्रेमिका की हत्या, शादीशुदा प्रेमी ने की आत्महत्या की कोशिश
नागपुर :- बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के मनीष नगर स्थित एक होटल में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रमानगर, 85 प्लॉट निवासी शिवानी राजानंद गजभिए (28) के रूप में हुई है। आरोपी अजनी रेलवे क्वार्टर निवासी किरण कुमार संजय आत्राम (40) घायल अवस्था में मेडिकल अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों रेलवे में साथ नौकरी करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। सोमवार को किरण ने मनीष नगर के होटल एचआरजी डेस्टिनी में रूम नंबर 302 बुक किया और डेकोरेटर से कमरे में गुब्बारे भी लगवाए। मंगलवार दोपहर 2 बजे दोनों ने होटल में चेक-इन किया। शाम 7 बजे किरण ने अपने दोस्तों को फोन कर कहा कि आज उसके लिए महत्वपूर्ण दिन है और वह आखिरी बार मिलना चाहता है। दोस्तों को बातचीत से संदेह हुआ तो वे रात 9 बजे होटल पहुंचे। कमरा अंदर से बंद था। होटल प्रबंधन की मदद से जब डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया तो दोनों खून से लथपथ मिले। शिवानी के गर्दन पर चाकू के वार थे। उसकी मौत हो चुकी थी।किरण के गले पर भी चाकू का वार था और हाथ की नसें कटी थीं। उसे तुरंत मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही डीआईजी वसंत परदेशी, डीसीपी एस. ऋषिकेश रेड्डी, एसीपी वैभव जाधव और नरेंद्र हिवरे मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि शिवानी के पिता राजानंद और किरण बल्लारशाह में साथ नौकरी करते थे। उस समय किरण का शिवानी के घर आना-जाना था। परिजनों ने विरोध जताते हुए 3 साल पहले अजनी थाने में शिकायत भी की थी। पिता की मृत्यु के बाद शिवानी को रेलवे में नौकरी मिली और दोनों के संबंध फिर गहरे हुए। होटल के कमरे में नई साड़ी और सजावट मिली है। पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद किरण ने चाकू शिवानी के हाथ में रख दिया था। घटना का सही कारण किरण के बयान के बाद ही स्पष्ट होगा। बेलतरोड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





