मुश्किलों से मत भागो, डटकर सामना करो – नितिन गडकरी की छात्रों को सीख

0
44

नागपुर :- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज छात्रों को जीवन में आने वाली कठिनाइयों का डटकर सामना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “जीवन के हर पड़ाव पर मुश्किलें आती हैं, लेकिन उनसे भागने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। वही व्यक्ति जीवन में सफल होता है, जो हर चुनौती को अवसर में बदल देता है। यह प्रेरणादायक संवाद ज्ञान प्रबोधिनी, निगड़ी, पुणे के 46 छात्रों के साथ हुआ, जो कक्षा सातवीं और आठवीं में पढ़ते हैं। ये सभी छात्र शुक्रवार को गडकरी के नागपुर स्थित आवास पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने मंत्री से खुलकर बातचीत की और अपने मन में उठ रहे सवाल पूछे। बातचीत के दौरान छात्रों ने नितिन गडकरी से कई रोचक प्रश्न पूछे — जैसे नेतृत्व कौशल कैसे विकसित करें, राजनीति में आने के लिए क्या गुण जरूरी हैं, बचपन में गडकरी कैसे थे, राष्ट्रीय राजमार्गों और फ्लाईओवरों का निर्माण कैसे होता है, वे अपने परिवार को समय कैसे देते हैं, और उनके शौक क्या हैं। गडकरी ने छात्रों को बताया कि अनुशासन, ईमानदारी और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि “हर व्यक्ति को यह तय करना चाहिए कि उसे समाज के लिए क्या करना है। अगर नीयत साफ हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई मंज़िल दूर नहीं रहती। गडकरी ने बच्चों को यह भी प्रेरित किया कि वे देश के विकास में योगदान देने वाले जिम्मेदार नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि आने वाला भारत युवाओं के सपनों और उनके साहस पर टिका है।