spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

क्लीन एयर सर्वे में नागपुर देश में 10वें स्थान पर

– महाराष्ट्र में तीसरी रैंक, ई-बसों, पौधारोपण और क्लीन एयर एक्शन प्लान का मिला लाभ

नागपुर :- केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी ‘क्लीन एयर सर्वे-2026’ में नागपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के प्रमुख शहरों में अपनी जगह बनाई है। दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नागपुर ने 183.8 अंक हासिल कर देश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं, महाराष्ट्र के शामिल शहरों में नागपुर तीसरे स्थान पर रहा।

महानगरपालिका के अनुसार, वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का यह परिणाम है। क्लीन एयर एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण अनुकूल ई-बसों के संचालन, बड़े पैमाने पर पौधारोपण सहित प्रदूषण कम करने के लिए किए गए अन्य उपायों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महापौर नीता ठाकरे और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने इस उपलब्धि के लिए नागपुर वासियों को बधाई दी। उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी-वखारे तथा सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर ने भी शहरवासियों का अभिनंदन करते हुए इस प्रदर्शन का स्वागत किया।

महापौर ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में नागपुर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शहरवासियों का स्वास्थ्य और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना मनपा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। सर्वेक्षण में मिली सफलता से इन प्रयासों को और मजबूती मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि नागपुर को देश के प्रमुख रहने योग्य शहरों में स्थान दिलाने के प्रयासों को प्रेरित करेगी।

मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने इस उपलब्धि का श्रेय मनपा प्रशासन के साथ-साथ नागपुर के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि मनपा के विभिन्न विभागों और कर्मचारियों द्वारा क्लीन एयर एक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। नागरिकों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है और भविष्य में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए और अधिक प्रभावी उपाय किए जाएंगे।

ई-बसों और पौधारोपण पर जोर

शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए मनपा पर्यावरण अनुकूल ई-बसों का दायरा बढ़ाने पर विशेष जोर दे रही है। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर पौधारोपण का महत्वाकांक्षी अभियान भी चलाया जा रहा है। आने वाले समय में इन प्रयासों से शहर की वायु गुणवत्ता में और सुधार होने की उम्मीद है।

क्लीन एयर सर्वे-2026 में देश में 10वां स्थान मिलने से स्वच्छ हवा, हरित नागपुर और प्रदूषणमुक्त शहर के लक्ष्य की दिशा में चल रहे प्रयासों को नई गति मिली है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.