spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

दोहरे हत्याकांड से दहला नागपुर: चाकू से हमला, फिर पत्थर से कुचलकर दो युवकों की हत्या

नागपुर, प्रतिनिधि :- नागपुर के सक्करदरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक फल व्यापारी और उसके तीन साथियों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी। आरोप है कि पहले दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में पत्थरों से सिर कुचलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। मृतकों की पहचान सोमवारी क्वार्टर निवासी आदित्य उर्फ सोनू गजानन भोंडवे (27) तथा बजरंगनगर निवासी आदित्य राउलकर (25) के रूप में हुई है। मामले में ऋषि नरेश पुट्टेवार, वैभव उर्फ दादू प्रदीपराव डोंगरे, वेदांत डबीर और अभी राऊत के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ऋषि पुट्टेवार सक्करदरा के गोंड मोहल्ला क्षेत्र में फलों का थोक व्यवसाय करता है। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट और अपहरण सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मृतक आदित्य भोंडवे के खिलाफ भी मारपीट, सेंधमारी और लूट के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। वैभव डोंगरे और भोंडवे पुराने मित्र थे तथा पूर्व में कई आपराधिक गतिविधियों में साथ रहे थे।

दिन में भी हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, पुट्टेवार और दोनों मृतकों के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर भी दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और मारपीट हुई थी। मामला सक्करदरा थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की। कई घंटों तक थाने में बैठाए रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

रात में फिर भड़का विवाद

रात करीब साढ़े आठ बजे आदित्य भोंडवे और आदित्य राउलकर कथित रूप से अपनी बकाया राशि की मांग को लेकर पुट्टेवार की दुकान पर पहुंचे। वहां फिर से विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि पुट्टेवार और उसके तीन साथियों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। दुकान के पास पड़े बड़े पत्थरों से दोनों के सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही सक्करदरा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश खुणे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव, दीपक अग्रवाल और एस. ऋषिकेश रेड्डी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.