– नागपुर डीआरआई टीम का एमडी पर छापा
अमरावती :- अहमदाबाद की डीआरआई टीम द्वारा रविवार को नवसारी परिसर के एक ढाबे के पास जाल बिछाकर एमडी की हो रही डील पर छापा मारकर 4.900 किलोग्राम एमडी जब्त की थी. जिसकी कीमत 7 करोड़ 35 लाख थी. उक्त मामले में डीआरआई की टीम ने आरोपी फैजल खान अंसार खान (22, गुलिस्ता नगर, अमरावती), अवेज अहमद आरिफ अहमद (25, कसाबपुरा, चांदुर बाजार), मुस्तकीम खान अब्दुल ताहेर खान (29, चांदुर बाजार) व शेख परवेज शेख नासिर (32, हाथीपुरा, अमरावती) को गिरफ्तार किया था. जिन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश करने पर न्यायालय ने चारों आरोपियों को तीन दिन का एमसीआर देकर जेल रवाना किया है.
दो आरोपी पहले भी हुए थे गिरफ्तार पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी आवेज अहमद आरिफ अहमद को अपराध शाखा ने 7 दिसंबर को एमडी की हुई कार्रवाई में गिरफ्तार किया था. न्यायालय में पेश करने पर उसे बेल दी गई थी. इसी रह दूसरा एक अन्य आरोपी भी एमडी मामले में गिरफ्तार हो चुका था.
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई डिकॉय ऑपरेशन के तहत की गई. एक धोखे या जालसाजी पर आधारित गुप्त अभियान होता है, जहां एक नकली या भ्रामक स्थिति बनाकर लक्ष्य को फंसाया जाता है. इस नकली स्थिति का इस्तेमाल लक्षित व्यक्ति को आकर्षित करने के लिए किया जाता है ताकि वे सामने आएं या अपनी गतिविधि करें.
एमपी से आई थी एमडी : सूत्रों के अनुसार यह 4.900 किलोग्राम 6 से 7 लोगों की थी. यह एमडी आरोपी ने एमपी से लाई थी. लेकिन कहां जा रही थी और इस मामले में बडी मछलियां कौन है, यह अभी सामने आना बाकी है. 2025 में एमडी तस्करी पर कुल 15 कार्रवाईयां में कुल 66 आरोपी बनाए गए थे. इन कार्रवाईयों में 750 ग्राम एमडी जब्त की थी. इसी तरह जनवरी 2026 में 2 कार्राई करते हुए 4 आरोपी हिरासत में लिए थे.
एमडी ड्रग्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें
राजस्व गुप्तचर संचालनालय द्वारा पांच किलो एमडी ड्रग्स जब्त कर की गई कार्रवाई शहर के लिए खतरे की घंटी है. नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों को लेकर विशेष रूप से युवाओं में जनजागरूकता फैलाने की आवश्यकता है. साथ ही स्थानीय पुलिस विभाग को आपसी समन्वय बढ़ाकर एमडी ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसे निर्देश जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने दिए. जिलाधिकारी कार्यालय में नार्को को-ऑर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई. इस अवसर पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे ने नशीले पदार्थों से संबंधित जानकारी दी.




