– मनपा की सौगात : गरीबों को मिलेगी राहत
– 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया : महापौर
नागपुर :- मनपा प्रशासन से शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत 518 घर उपलब्ध कराने के लिए 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी महापौर नीता ठाकरे और आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने पत्रकार परिषद में दी है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, कार्यकारी अभियंता सुनिल उईके, प्रकल्प विकासक गौरव अग्रवाल उपस्थित समेत अन्य उपस्थित थे।
आवास योजना अंतर्गत उत्तर नागपुर के नारी में 1 बीएचके और 2 बीएचके का निर्माणकार्य किया जाएगा। 1 बीएचके में 478 वर्ग फीट और 2 बीएचके सदनिका में 619 वर्ग फीट का निर्माणकार्य रहेगा। इस योजना में कम आमदनी वाले नागरिकों को घर मिलना संभव होगा। पर्यावरण मानकों और रेन हार्वेस्टिंग को पूरा करने का भी निर्देश दिया गया है। पीएम आवास योजना (शहरी) में 518 आवास के प्रोजेक्ट को केंद्रीय मान्यता व संनियंत्रण समिति से मान्यता मिल गई है। 1 बीएचके में 210 और 2 बीएचके में 308 आवास बनाए जा रहे हैं।
प्रत्येक विधानसभा में एक योजना : योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने बताया कि, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने प्रत्येक विधानसभा में योजना को लागू करने का निर्देश दिया है। पहले चरण में 415 आवास उपलब्ध कराए गए। अब दूसरे चरण में 518 आवास निर्माण किया जा रहा है। शहर में हुड़केश्वर में 240 और पुनापूर में 840 आवास के प्रस्ताव को राज्य सरकार से मंजूरी के बाद केन्द्र सरकार को भेजा गया है। वहीं के.टी. नगर में 450 और जयताला में 571 आवास का प्रस्ताव मनपा तैयार कर रही है।