– कर्मचारी हिट मशीन और इलेक्ट्रिक स्टिक के सहारे कर रहे काम, डेंगू का खतरा
नागपुर :- जिले में डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाने वाली जिला परिषद का मुख्यालय ही इन दिनों मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से जूझ रहा है। स्थिति यह है कि कई कर्मचारी अपने कार्यालय में मच्छर भगाने वाली मशीन चलाकर काम कर रहे हैं, जबकि कई महिला कर्मचारी मच्छरों से बचाव के लिए मच्छर मारने वाली स्टिक का सहारा ले रही हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में जिला परिषद के विभिन्न विभागों में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कर्मचारियों के अनुसार, कुछ स्थानों से कूलर हटाए गए हैं, लेकिन कई विभागों में अब भी कूलरों में जमा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन रहा है। इसके अलावा नई इमारत के पीछे उगी झाड़ियां, विभागों में रखे पुराने दस्तावेजों के ढेर, सफाई व्यवस्था की कमी और कुछ शौचालयों से आने वाली दुर्गंध भी समस्या को बढ़ा रही है।
फॉगिंग और विशेष सफाई अभियान की मांग
कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे परिसर में तत्काल फॉगिंग कराने, झाड़ियों की कटाई-छंटाई, कूलरों की नियमित सफाई और विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मच्छरों पर शीघ्र और प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।





