– मदद के बहाने दोस्त ने भी किया रेप
डोंबिवली :- महाराष्ट्र के डोंबिवली की अनाथ युवती के जीवन में उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उसकी सहेली के परिवार ने ही उस से मारपीट की। बताया जा रहा है कि किसी झूठे आरोप को लेकर सहेली के पिता और अन्य परिजनों ने युवती की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल और डरी हुई युवती पुलिस में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन उसके पास साथ चलने वाला कोई सगा-संबंधी नहीं था। मदद के लिए युवती ने सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट का सहारा लिया। उसने कुछ ही दिन पहले संपर्क में आए एक युवक, क्रिश भोईर को अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस स्टेशन चलने में मदद मांगी। क्रिश उसे मानपाड़ा पुलिस स्टेशन ले जाने के बहाने अपनी गाड़ी पर बैठाकर ले गया। लेकिन स्टेशन पहुंचने के बजाय वह उसे एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने युवती की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई। आरोपी ने पीड़िता के पास मौजूद पैसे लूट लिए और उसका मोबाइल भी छीन लिया।

