– बूटीबोरी में कार हादसे में महिला की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
नागपुर :- चंद्रपुर जिले के वरोरा स्थित कोलतेवार परिवार पर कुछ ही घंटों के भीतर दोहरी त्रासदी टूट पड़ी। आर्थिक तंगी से परेशान पति द्वारा जहर खाने के बाद उसे इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से कार में आ रही पत्नी तेजस्विनी कोलतेवार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। गंभीर रूप से घायल तेजस्विनी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार वरोरा निवासी आशीष कोलतेवार ने 9 जुलाई को आर्थिक परेशानियों के चलते कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए नागपुर रवाना किया। उनकी पत्नी तेजस्विनी कोलतेवार अन्य रिश्तेदारों के साथ एक कार से एंबुलेंस के पीछे-पीछे आ रही थीं।नागपुर की ओर आते समय बूटीबोरी क्षेत्र में तेजस्विनी की कार के चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे में तेजस्विनी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान तेजस्विनी कोलतेवार की हालत लगातार बिगड़ती गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, आशीष कोलतेवार का इलाज अभी भी जारी है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस दोहरी त्रासदी ने कोलतेवार परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है। परिवार की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी और छोटे बेटे के सिर से मां का साया उठ गया है। वहीं उनके पिता भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। ऐसे में दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार और परिचितों में गहरी चिंता है।





