– बदले में 14 साल तक टैक्स माफ करने की तैयारी
– NMC की स्थायी समिति में 26 नवंबर को रखा जाएगा प्रस्ताव
नागपुर :- नागपुर में नाग नदी के प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। 45 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) क्षमता वाले इस प्लांट के लिए पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ (पीडीकेवी) छह एकड़ जमीन देने को तैयार है। इसके बदले नागपुर महानगरपालिका विश्वविद्यालय के शहर स्थित सभी भवनों का संपत्ति कर और जल शुल्क 14 वर्षों तक माफ करने पर विचार कर रही है।
यह प्रस्ताव नागपुर महानगरपालिका के सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से तैयार किया गया है। इसे 26 नवंबर को स्थायी समिति की बैठक में रखा जाएगा। प्रस्तावित एसटीपी का निर्माण मौजा गड़गा में बोर नाले के किनारे, महाराजबाग से गुजरने वाली डीपी रोड पर स्थित पुल के पास किया जाएगा। इसके लिए सर्वे क्रमांक 323 और 283 की जमीन प्रस्तावित है। पीडीकेवी की कार्यकारी परिषद ने 19 जून 2026 को आयोजित अपनी 353वीं बैठक में छह एकड़ जमीन मनपा को हस्तांतरित करने पर सहमति दी थी। हालांकि, इसके लिए शर्त रखी गई कि परियोजना के संचालन की अवधि तक नागपुर शहर में विश्वविद्यालय के स्वामित्व वाले सभी भवनों का संपत्ति कर और जल शुल्क माफ किया जाए।
137.67 करोड़ रुपये है जमीन की कीमत
मनपा के नगर रचना विभाग ने छह एकड़ जमीन का मूल्य 137.67 करोड़ रुपये आंका है। वहीं, प्रतिवर्ष तीन प्रतिशत मूल्यवृद्धि को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने 15 वर्षों की अवधि में जमीन के मुआवजे का अनुमानित मूल्य 214.49 करोड़ रुपये निकाला है। यह गणना वार्षिक समायोजन के आधार पर की गई है।
दूसरी ओर, पीडीकेवी की ओर से महानगरपालिका को प्रतिवर्ष संपत्ति कर और जल शुल्क के रूप में लगभग 10.93 करोड़ रुपये चुकाए जाते हैं। इन शुल्कों में संभावित वार्षिक वृद्धि को देखते हुए टैक्स छूट की अनुमानित राशि बढ़कर 15.84 करोड़ रुपये सालाना होने का अनुमान है। प्रस्ताव में महानगरपालिका की आमसभा से मंजूरी लेने के साथ ही इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार के पास भेजने हेतु नगर आयुक्त को अधिकृत करने की मांग की गई है।
नाग और पीली नदी का प्रदूषण रोकने की योजना
गड़गा में प्रस्तावित STP नाग नदी प्रदूषण नियंत्रण परियोजना का हिस्सा है। इस परियोजना का उद्देश्य नाग और पीली नदी में मिलने वाले गंदे पानी को बीच में ही रोककर उसका शोधन करना है, ताकि नदियों में प्रदूषण कम किया जा सके। परियोजना के तहत अन्य सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के लिए भी जमीन हासिल करने को लेकर बातचीत जारी है।
उल्लेखनीय है कि नाग नदी प्रदूषण नियंत्रण परियोजना की कुल लागत 1,926.99 करोड़ रुपये है। केंद्र सरकार से इसे प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना का खर्च केंद्र सरकार 60 प्रतिशत, राज्य सरकार 25 प्रतिशत और नागपुर महानगरपालिका 15 प्रतिशत के अनुपात में वहन करेगी।






