– पूर्व इंजीनियर गिरफ्तार
वाशिंगटन :- ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी ओपनएआइ के एक पूर्व इंजीनियर पर कंपनी के भीतर छिपा रिकार्डिंग उपकरण लगाकर दर्जनों गोपनीय बैठकों की आवाज रिकार्ड करने का आरोप लगा है।
खबर के अनुसार, अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने सोमवार को अदालत में दाखिल दस्तावेजों में दावा किया कि अब्दुलरहमान अल्फोजान ने कंपनी के कर्मचारियों, ग्राहकों और विदेशी सरकार के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठकों की रिकार्डिंग की। इनमें कम से कम एक बैठक ओपनएआइ और एक विदेशी सरकार के प्रतिनिधियों के बीच हुई थी। हालांकि, उस सरकार की पहचान उजागर नहीं की गई है। अभियोजकों के मुताबिक, 35 वर्षीय अल्फोजान के निजी कंप्यूटर से सैकड़ों आडियो फाइलें मिली हैं। इन्हें तारीख के हिसाब से अलग-अलग फोल्डरों में रखा गया था।
इनमें गोपनीय कारोबारी जानकारियों के अलावा कुछ ऐसी बातचीत भी शामिल है, जिसे ओपनएआइ ने वकील और मुवक्किल के बीच विशेषाधिकार प्राप्त संवाद बताया है। रिकार्डिंग आठ से 28 सितंबर के बीच 15 फोल्डरों में की गई थीं। इनमें 12 दिन कंपनी के कार्यकारी सम्मेलन कक्ष में हुई बैठकों की रिकार्डिंग शामिल है। अभियोजकों ने अल्फोजान की मुकदमे से पहले जेल से रिहाई का विरोध करते हुए कहा कि अभी यह जांच की जा रही है कि रिकार्डिंग किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा की गई थीं या नहीं।
हालांकि, अभियोजन पक्ष ने पहले अदालत में स्वीकार किया था कि उन्हें जासूसी, व्यापारिक रहस्य चुराने या किसी विदेशी सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का कोई सुबूत नहीं मिला है। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, अल्फोजान ने रिकार्डिंग उपकरण तैयार करने और आवाज पहचानने की सुविधा जोड़ने के लिए अपनी पत्नी के अकाउंट से कोडेक्स का इस्तेमाल किया। पांच अक्टूबर को उन्होंने ओपनएआई और दूसरी कंपनी के बीच रणनीतिक साझेदारी से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों के प्रत्येक पन्ने की तस्वीर भी ली।
अल्फोजान सऊदी नागरिक और अमेरिका के स्थायी निवासी हैं। उन पर अवैध रूप से बातचीत रिकार्ड करने का एक आरोप है। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है। अभियोजकों ने सऊदी अधिकारियों के साथ उनके संपर्कों और रियाद जाने की योजना को भी संदिग्ध गतिविधियों से जोड़ा है।






