spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

सागर में जहरीली शराब का कहर, 18 की मौत

– 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी, कई की हालत गंभीर

सागर :- मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में शनिवार रात जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना में अब तक 18 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 100 से अधिक लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत वाले मरीजों को सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, बेचैनी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के बाद बड़ी संख्या में लोगों को बंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर मरीजों के उपचार और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बंडा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

मृतकों में ये लोग शामिल

पुलिस के अनुसार मृतकों में गुगरा खुर्द निवासी गोलू उर्फ चमन लोधी (45), नौराज निवासी दिग्विजय लोधी (28), नौराज निवासी करतार सिंह लोधी (30), गुगरा खुर्द निवासी उजियार सिंह लोधी (56), पाटन निवासी रोशन लोधी (30), विनायका और राजेंद्र लोधी (32), निवासी नौराज-गुगरा शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में शामिल गोलू उर्फ चमन के पहले से कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

गंभीर मरीज बीएमसी रेफर

गंभीर हालत को देखते हुए चौका निवासी हरनाम राय (42),दलपतपुर निवासी उत्तम नत्थू नायक (42), गूगरा खुर्द निवासी मंगल रजक (40), परम आदिवासी और धन सिंह आदिवासी (30) दोनों हिनौता निवासी को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर किया गया है।

शराब की जांच में जुटी पुलिस:

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। जहरीली शराब पीने की आशंका को देखते हुए शराब के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों के पीछे वास्तविक कारण क्या था। प्रशासन की टीम घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.