– प्लास्टिक पट्टी लगाकर 41 ग्राहकों से 1.52 लाख की ठगी
नागपुर :- शहर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में एटीएम के कैश डिस्पेंसर से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के पैसे हड़पने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एटीएम में प्लास्टिक की पट्टी लगाकर कैश निकलने से रोक दिया और बाद में पट्टी निकालकर रकम चोरी की। इस तरीके से 41 ग्राहकों से कुल 1.52 लाख रुपये की रकम हड़पने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, कैनरा बैंक हुडकेश्वर शाखा की मैनेजर दिव्यांशा सीताराम मीना को ग्राहकों ने एटीएम से पैसे नहीं निकलने की शिकायत दी थी। इसके बाद बैंक स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक एटीएम के कैश डिस्पेंसर में प्लास्टिक पट्टी लगाते और बाद में उसे निकालकर रकम निकालते दिखाई दिए। मामले में हुडकेश्वर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान 27 सितंबर को पुलिस टीम को मानेवाड़ा रोड स्थित पडोले मेडिकल के पास कैनरा बैंक एटीएम के नजदीक एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान कानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी सतीश गोरेलाल राजपूत (32) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 5 काली पट्टियां, चिपकने वाला टेप, फेविक्विक, कैंची, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और 7,500 रुपये नकद बरामद हुए। एटीएम की जांच में कैश निकलने वाली जगह पर काली पट्टी चिपकी मिली। पूछताछ में सतीश ने अपने साथी जबलपुर, मध्य प्रदेश निवासी धमेंद्र राजकपुर शाहू (35) के साथ मिलकर 12 से 14 सितंबर के बीच इसी एटीएम से कई बार रकम निकालने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने धमेंद्र को सीताबर्डी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से संबंधित सामग्री जब्त कर ली गई है। मामले की आगे की जांच जारी है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, डीसीपी रश्मिता राव और अजनी विभाग के एसीपी नरेंद्र हिवरे के मार्गदर्शन में हुडकेश्वर पुलिस टीम ने की।



