– महादुला ग्रापं में आम के पौधों का रोपण, ‘डॉर्फ केटल मैंगो कप 4.0’ उपक्रम
सचिन चौरसिया, रामटेक :- जिला परिषद और ‘सप्रेम संस्था’ के संयुक्त उपक्रम ‘डॉर्फ केटल मैंगो कप प्रतियोगिता 4.0’ के तहत ग्राम पंचायत महादुला में हजारों आम के पौधों का रोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्राम पंचायत की आय बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में समूह विकास अधिकारी जय सिंह जाधव, सहायक समूह विकास अधिकारी भुजाडे, सरपंच शरद डडूरे, ग्राम पंचायत अधिकारी ठवरे, तकनीकी अधिकारी रामलखन देशमुख, ग्राम रोजगार सेवक राजू कोकोडे सहित ग्राम पंचायत के सदस्य उपस्थित रहे। ग्राम विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। आम के बाग तैयार होने से गांव के सतत और हरित विकास को बढ़ावा मिलने के साथ भविष्य में ग्राम पंचायत के लिए आय का स्थायी स्रोत तैयार होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय लोगों को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
आम की खेती से बढ़ेगी ग्रापं की आय : जाधव
इस अवसर पर बीडीओ जय सिंह जाधव ने कहा कि आम की खेती के इस उपक्रम से ग्राम पंचायत की आय में निरंतर वृद्धि हो सकती है। स्थानीय मजदूरों को गांव में ही रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विषमुक्त और गुणवत्तापूर्ण फलों की मांग बढ़ रही है। इसके लिए ऐसे फलोद्यान विकसित करना आवश्यक है।
जाधव ने युवाओं से बागवानी की आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कम समय और कम जगह में अधिक उत्पादन की आधुनिक अवधारणा की जानकारी दी तथा पौधारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व पर भी मार्गदर्शन किया।





