– गांव के पास दिखे 2 बाघ
देवलापार :- पवनी और देवलापार इलाके में बाघ इंसानों पर हमला कर रहे हैं. वहीं लोगों द्वारा बाघ देखे जाने की भी घटनाएं सामने आ रही हैं. 7 जनवरी को रात करीब 11 बजे देवलापार के पास सावरा जाने वाली सड़क पर नेशनल हाईवे से करीब 500 मीटर दूर सड़क के किनारे 2 बाघ दिखे. उक्त मार्ग से गुजर रहे कुछ लोगों ने दोनों बाघों को देखा. देखने वालों ने इस नजारे को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया. सावरा के पास के कई गांवों के लोगों को अलग अलग कामों के लिए देवलापार, रामटेक जाना पड़ता है. अक्सर घर लौटते समय उस इलाके के लोगों को रात में ऐसे ही जंगल के रास्तों से गुजरना पड़ता है. ऐसे में एक साथ 2 बाघ दिखने से इलाके के लोगों में फिर से दहशत फैल गई है. लोगों ने मांग की है कि वन विभाग उक्त इलाके में गश्त बढ़ाए और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे.




