नागपुर :- शहर में एक पखवाड़े से चल रहा हत्याओं का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है. पारडी में एक युवक ने अपने ही चाचा को साथियों की मदद से मौत के घाट उतार दिया. पारडी थाना परिसर में दस दिनों में हत्या की हैट्रिक हो गई है. इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर पर सवाल उठने लगे हैं. नागरिकों में दहशत मची हुई है. ताजा वारदात गुरुवार की रात 8.30 बजे पारडी के तलमले नगर में हुई. मृतक 46 वर्षीय बालाजी नगर निवासी डोमा कृष्णा कुंभारे वाहन चालक का काम करता है. उसने दस-बारह साल पहले अपने बड़े भाई देवेंद्र की पत्नी से शादी की थी. दोनों बालाजी नगर में रहते थे. इस रिश्ते के बाद दोनों परिवार के रिश्ते खराब हो गए थे. डोमा की पत्नी को देवेंद्र से एक 23 वर्षीय कुणाल नामक बेटा है. बताया जाता है कि कुणाल पिता देवेंद्र के पास ही रहता था.
मां के नए रिश्ते से वह गुस्से में था. नाबालिग होने से वह कुछ नहीं कर पाया. लेकिन बालिग होने के बाद से ही उसका गुस्सा बढ़ता गया. आखिरकार गुरुवार की रात डोमा दोपहिया पर जा रहा था. इसी दौरान कुणाल ने अंधेरा देखकर डोमा को बीच रास्ते में रोका. उसने साथियों की मदद से धारदार हथियार से वार कर डोमा की हत्या कर दी. डोमा को अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित कर दिया. देर रात तक पुलिस कुणाल की खोजबीन में जुटी थी. शहर में एक पखवाड़े के दौरान हत्या की छह घटनाएं हुई हैं. पारडी थाना परिसर में ही दस दिनों के भीतर तीन हत्याएं हुई हैं. दीपावली के बाद से हत्याओं का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है.




