spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अस्पताल पहुंचाने के बहाने लूट

– जख्मी को बनाया शिकार, वाड़ी में हुई वारदात

नागपुर :- अमरावती रोड पर हादसे का शिकार हुए एक युवक को अस्पताल पहुंचाने के बहाने 3 युवकों ने लूट लिया. बहाने से उसे सुराबर्डी रोड पर ले गए. नकद और जेवर लूटे. इसी दौरान पीड़ित युवक के दोस्त वहां पहुंच गए और सोने की चेन लुटने से बच गई. पुलिस ने क्वेटा कॉलोनी निवासी विशाल वीरेंद्र कोठारी (20) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. शनिवार की रात विशाल अपने 4 दोस्तों के साथ अमरावती रोड के गोंडखैरी परिसर में स्थित पंजाबी ढाबा पर भोजन करने गया था. रात 2.30 बजे के दौरान पांचों एसयूवी गाड़ी से वापस शहर की ओर लौट रहे थे. रास्ते में टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई. उनकी गाड़ी डिवाइडर से जा भिड़ी. हादसे में विशाल के दोनों हाथों पर गंभीर चोट लगी. दोस्तों ने रास्ते से मोटरसाइकिल क्र. एमएच.49-एडब्ल्यू. 2259 पर जा रहे 2 युवकों को मदद के लिए रुकाया. विशाल को अस्पताल तक पहुंचाने को कहा. आरोपी बाइक सवार उसे ट्रिपल सीट कुछ दूर तक ले गए. सामने पुलिस की चेकिंग होने का झांसा देकर वाहन रोक दिया.

चालान का डर बताकर धोखे से आरोपी विशाल को सुराबर्डी रोड पर न्यू म्हाडा कॉलोनी की तरफ ले गए. वहां पेट्रोल खत्म होने का नाटक करके वाहन रोक दिया. अपने दोस्त को मदद के लिए बुलाया. इसी दौरान विशाल की अपने दोस्तों से बात हो गई थी. आरोपियों का तीसरा साथी भी वहां पहुंचा. तीनों ने चाकू की नोक पर विशाल को जान से मारने की धमकी दी. जेब से 2,500 रुपये नकद और 15 ग्राम सोने की 3 अंगूठी जबरन लूट ली. आरोपी उसकी सोने की चेन भी छीन रहे थे लेकिन इसी दौरान उसके दोस्त वहां पहुंच गए. तीनों आरोपी अपने वाहनों पर वहां से भाग निकले. विशाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. खबर मिलते ही वाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज किया है. वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है.

Popular Articles