– लगातार तीसरे एशियन गेम्स में पदक, रोइंग में सतनाम-सलमान की जोड़ी ने जीता ब्रॉन्ज
नई दिल्ली :- एशियन गेम्स के पांचवें दिन गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग में रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही रोशिबिना ने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी बार पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की।
रोशिबिना एशियन गेम्स में लगातार तीन पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। अब उन्होंने तीसरे एशियन गेम्स में भी पदक जीतकर अपनी उपलब्धि में एक और अध्याय जोड़ दिया।
रोइंग में सतनाम और सलमान को कांस्य:
रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की भारतीय जोड़ी ने पुरुष डबल्स स्कल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। दोनों ने 6 मिनट 13.25 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
किसान परिवार से निकलीं रोशिबिना:
नाओरेम रोशिबिना देवी मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के क्वासिफाई गांव के किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने इम्फाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र में कोच मैबाम प्रेमकुमार सिंह के मार्गदर्शन में महिला सांडा के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रशिक्षण लिया है। रोशिबिना को खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा इंटरनेशनल वुशु फेडरेशन (आईडब्लूयूएफ) ने उन्हें 2023 में फीमेल वुशु एथलीट ऑफ द ईयर (सांडा) के खिताब से भी नवाजा था।
भारत के खाते में 14 पदक
इन उपलब्धियों के साथ भारत के एशियन गेम्स में अब तक 14 पदक हो गए हैं। इनमें 1 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल 14वें स्थान पर है।





