नागपुर :- सीताबर्डी पुल के दोनों छोर पर 4 लेयर में स्पीडब्रेकर लगाए गए हैं. इससे कई वाहन चालक सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए. सड़क हादसों के बाद प्रशासन की नींद खुली. आखिरकार सीताबर्डी पुल से स्पीडब्रेकर को हटाने का निर्णय लिया गया. सीताबर्डी फ्लाईओवर पर स्पीडब्रेकर के कारण कई वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे है. इन जानलेवा स्पीडब्रेकर के कारण लोक निर्माण विभाग के प्रति नागरिकों में भारी रोष है. इसके मद्देनजर लोक निर्माण विभाग की ओर से स्पीडब्रेकर को हटाने का निर्णय लिया गया है. यह आदेश विभागीय अधीक्षक अभियंता जनार्दन भानुसे ने जारी किया है. बताते चले कि सीताबर्डी फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए हाइट बैरियर लगाए गए थे लेकिन इसके बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही शुरू थी और भारी वाहन हाइट बैरियर से टकरा रहे थे. इस कारण प्रशासन ने यहां ब्रेकर लगाने के लिए परिवहन विभाग ने पत्र दिया था. भानुसे ने बताया कि पत्र के आधार पर स्पीडब्रेकर बनाए गए थे. इन ब्रेकर के कारण वाहन चालकों विशेषकर दोपहिया दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने के वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए है. वाहन चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर अब इन स्पीडब्रेकर को हटाने का निर्णय लिया गया है.








