– 1,269 स्वास्थ्य शिविरों में 70,964 नागरिकों की जांच; 1,237 यूनिट रक्त संग्रह
नागपुर :- गणेशोत्सव के अवसर पर नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए नागपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए ‘श्री गणेशा आरोग्याचा’ अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिला। 14 से 25 सितंबर के दौरान मनपा के 52 नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 102 स्वास्थ्य वर्धिनी केंद्रों में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
अभियान की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार कुल 1,269 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इनमें 70,964 नागरिकों की बाह्यरोगी (OPD) जांच की गई। इनमें 29,578 पुरुष, 37,081 महिलाएं और 4,354 बच्चे शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, निदान और उपचार के साथ मरीजों को आगे के उपचार के लिए रेफरल सेवा भी उपलब्ध कराई गई।
रक्तदान शिविरों में भी उत्साह
अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक गणेश मंडलों के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 1,237 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है।
अभियान के नियोजन के लिए मनपा के वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें सभी जोनल वैद्यकीय अधिकारियों और वैद्यकीय अधिकारियों को स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविरों के प्रभावी आयोजन तथा संबंधित रक्तपेढ़ियों के साथ समन्वय के निर्देश दिए गए थे।
इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपाय और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष, मुख्यमंत्री सचिवालय, हैदराबाद हाउस, नागपुर के समन्वय से चलाया गया।




