spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

सूफियाना कलाम से गूंज उठा ताजबाग, अल्तमस फ़रीदी और जुनैद सुल्तानी ने बांधा समां

– हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट का आयोजन

– देर रात तक झूमते रहे अकीदतमंद

नागपुर :- हज़रत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स के अवसर पर ताजबाग का माहौल उस समय पूरी तरह रूहानियत में डूब गया, जब देश के प्रसिद्ध कव्वाल अल्तमस फ़रीदी और जुनैद सुल्तानी ने अपनी शानदार सूफियाना कव्वालियों से अकीदतमंदों के दिलों को छू लिया. इश्क-ए-इलाही, मोहब्बत और सूफी परंपरा से सराबोर कलामों ने देर रात तक समां बांधे रखा. हर प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक कृपाल तुमाने सहित हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी हाजी फ़ारूकभाई बावला, हाजी इमरान खान ताज़ी, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया, मुस्तफा टोपीवाला उपस्थित थे.

हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशेष सूफियाना कव्वाली कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद और संगीत प्रेमी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान कव्वालों ने एक से बढ़कर एक सूफियाना कलाम पेश कर बाबा ताजुद्दीन की शिक्षाओं, इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पूरी तन्मयता से कव्वालियों का आनंद लिया. उर्स के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में यह कव्वाली नाइट प्रमुख आकर्षण रही, जिसने देर रात तक श्रद्धालुओं को रूहानी माहौल में बांधे रखा.

हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल सभी अकीदतमंदों, अतिथियों और कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सालाना उर्स के माध्यम से हर वर्ष सूफी परंपरा, अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाता रहेगा.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.