– परिवहन मंत्री का सकारात्मक रुख, पेंशन, बीमा व आर्थिक सहायता समेत विभिन्न मांगों पर कार्रवाई के संकेत
नागपुर :- महाराष्ट्र के ऑटो रिक्शा चालकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ऑटो रिक्शा चालक-मालक संगठन संयुक्त कृति समिति के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक से मुलाकात की। बांद्रा स्थित परिवहन मंत्री के कार्यालय में हुई बैठक में चालकों की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के संकेत दिए।
समिति ने 65 वर्ष से अधिक आयु के ऑटो चालकों के लिए पेंशन योजना लागू करने की मांग रखी। साथ ही, दुर्घटना में ऑटो चालक की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई। चालकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा तथा बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया।
अवैध यात्री परिवहन पर कार्रवाई की मांग
बैठक में राज्य में बढ़ रहे अवैध यात्री परिवहन पर भी चर्चा हुई। समिति ने ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा ई-ऑटो के लिए ऑटो रिक्शा के समान परमिट और नियम लागू करने का सुझाव दिया गया। समिति ने एक जिले का परमिट रखने वाले ऑटो को दूसरे जिले अथवा ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से चलाने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही, बाइक टैक्सी के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग रखी गई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष शशांक राव, महासचिव विलास भालेकर सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे। परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर, अपर परिवहन आयुक्त तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी चर्चा में शामिल हुए।





